सुप्रीम कोर्ट का बड़ा संदेश: राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर आरोपी के अधिकार नहीं छीने जा सकते

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी भी आरोपी को उसके खिलाफ दाखिल चार्जशीट में शामिल दस्तावेजों से वंचित नहीं किया जा सकता। शीर्ष अदालत ने कहा कि निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्राप्त मौलिक अधिकारों का हिस्सा है और जांच एजेंसियां राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर भी आरोपी के बचाव के अधिकार को पूरी तरह सीमित नहीं कर सकतीं।
यह फैसला जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस ए.एस. चंदुरकर की पीठ ने रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) के पूर्व अधिकारी और सेवानिवृत्त मेजर जनरल वी.के. सिंह की याचिका पर सुनाया। अदालत ने कहा कि जब किसी दस्तावेज को चार्जशीट का हिस्सा बनाकर आरोपी के खिलाफ साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, तो आरोपी को उसकी जानकारी और प्रति उपलब्ध कराना न्यायिक प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा है।
मामला वर्ष 2007 से जुड़ा है, जब वी.के. सिंह के खिलाफ उनकी पुस्तक ‘इंडियाज एक्सटर्नल इंटेलिजेंस – सीक्रेट्स ऑफ रिसर्च एंड एनालिसिस विंग’ में कथित रूप से गोपनीय सूचनाएं उजागर करने के आरोप में ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कुछ संवेदनशील दस्तावेज चार्जशीट का हिस्सा बनाए गए थे, जिन्हें आरोपी को उपलब्ध कराने का सीबीआई ने विरोध किया था।
सीबीआई का तर्क था कि संबंधित दस्तावेज अत्यधिक गोपनीय हैं और उनका संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा से है। एजेंसी का कहना था कि यदि ये दस्तावेज सार्वजनिक हुए तो इससे देश की सुरक्षा और संवेदनशील सूचनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी आधार पर आरोपी को दस्तावेजों की प्रतियां देने से इनकार किया गया था।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन न्यायिक प्रक्रिया में आरोपी के अधिकारों की भी रक्षा की जानी चाहिए। अदालत ने माना कि यदि किसी व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं तो उसे यह जानने का पूरा अधिकार है कि उसके खिलाफ कौन से दस्तावेज और साक्ष्य पेश किए गए हैं। बिना दस्तावेजों तक पहुंच दिए आरोपी प्रभावी ढंग से अपना बचाव नहीं कर सकता।
शीर्ष अदालत ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश को भी रद्द कर दिया, जिसमें केवल दस्तावेजों का निरीक्षण करने की अनुमति दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मुकदमे की तैयारी के लिए केवल निरीक्षण पर्याप्त नहीं है। आरोपी को दस्तावेजों की प्रतियां भी मिलनी चाहिए ताकि वह अपने वकीलों के साथ उनका अध्ययन कर सके और उचित कानूनी रणनीति बना सके।
अदालत ने राष्ट्रीय सुरक्षा और आरोपी के अधिकारों के बीच संतुलन बनाते हुए सीबीआई के सुझाव को स्वीकार किया कि मूल दस्तावेजों के बजाय उनकी टाइप्ड कॉपियां उपलब्ध कराई जाएं। कोर्ट ने निर्देश दिया कि दो महीने के भीतर वी.के. सिंह को दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं।
साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने यह शर्त भी लगाई कि आरोपी इन दस्तावेजों को किसी भी इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट या इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक नहीं करेगा। इसके लिए उसे एक महीने के भीतर ट्रायल कोर्ट में शपथपत्र दाखिल करना होगा। अदालत ने स्पष्ट किया कि राहत का उद्देश्य केवल निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करना है, न कि संवेदनशील सूचनाओं को सार्वजनिक करना।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला भविष्य में उन मामलों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा, जहां जांच एजेंसियां गोपनीयता या राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर दस्तावेज साझा करने से इनकार करती हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और आरोपी के अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है तथा निष्पक्ष सुनवाई किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
