अंतर्राष्ट्रीय

नाइजर के एयरपोर्ट पर बड़ा आतंकी हमला: 35 की मौत, 22 हमलावर मारे गए

अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामी में स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक भयंकर आतंकी हमला हुआ, जिसमें कम से कम 35 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट समर्थित आतंकी संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (JNIM) ने ली है। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में 22 हमलावरों को ढेर कर दिया है।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, हमले के तुरंत बाद नाइजर के सुरक्षाबलों ने प्रतिक्रिया दी और कई आतंकियों को मार गिराया, हालांकि कुछ हमलावर स्थानीय नागरिकों के बीच छिपकर फरार होने में सफल रहे। आतंकवादियों की खोज के लिए सेना ने अभियान शुरू किया तो कई नागरिक डंडों और हथियारों के साथ सड़कों पर उतर आए और संदिग्धों पर हमला करने लगे। बाद में सेना ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।

जवाबी हमले में 22 आतंकवादी ढेर

एपी की रिपोर्ट में बताया गया है कि यह हमला गुरुवार सुबह फज्र की नमाज के बाद हुआ। स्थानीय लोग जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनकर भयभीत हो गए थे, जिसके बाद सेना की टुकड़ियां तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हो गईं।

नाइजर की सेना ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में 22 आतंकवादी मारे गए जबकि चार सुरक्षाकर्मी जख्मी हुए हैं। इसके अतिरिक्त 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। आतंकियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार, जैसे RPG-7 लॉन्चर, AK-47 राइफलें, विस्फोटक, ग्रेनेड और संचार उपकरण बरामद हुए हैं।

सेना ने स्वीकार किया कि कुछ नागरिक भी आतंकवादियों की खोज में मदद करने के लिए निकल पड़े थे, हालांकि अधिकारियों ने उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एयरपोर्ट जांच के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

नाइजर, बुर्किना फासो और माली में लंबे समय से सैन्य शासन चल रहा है और ये देश इस्लामिक आतंकवादी समूहों के खिलाफ बड़ी मशक्कत से अभियान चला रहे हैं। नाइजर का यह एयरपोर्ट न केवल नागरिक उड़ानों बल्कि सैन्य गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है, इसलिए यह आतंकवादियों का प्रमुख निशाना बना रहता है।

इस साल जनवरी में भी इसी एयरपोर्ट पर हमला हुआ था जिसमें चार सैनिक मारे गए थे और 20 आतंकवादी नष्ट किए गए थे। उस हमले के बाद नाइजर के राष्ट्रपति अब्दुरहमान तियानी ने फ्रांस और बेनिन पर हमला कराने के आरोप लगाए थे और रूस का सहयोग के लिए आभार जताया था।

Source

Back to top button