जून में सिर्फ 90% बारिश का अनुमान, कई राज्यों में टूट सकते हैं गर्मी के रिकॉर्ड; IMD ने जारी किया अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मानसून को लेकर अपना दूसरा दीर्घकालिक पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल जून से सितंबर के बीच देश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। साथ ही उत्तर भारत समेत कई राज्यों में भीषण लू और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
आईएमडी के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पूरे मानसून सीजन के दौरान देश में दीर्घकालिक औसत (LPA) का करीब 90 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। इसमें 4 प्रतिशत तक का उतार-चढ़ाव संभव है। विभाग के अनुसार मध्य भारत, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
जून महीने को लेकर आईएमडी ने कहा है कि मानसून की शुरुआत कमजोर रह सकती है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत, उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। बाकी अधिकांश क्षेत्रों में बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में लंबे समय तक लू चल सकती है। महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाओं का असर बढ़ेगा। विभाग के अनुसार जून में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार अल नीनो की स्थिति चिंता बढ़ा रही है। डॉ. महापात्र ने बताया कि प्रशांत महासागर में न्यूट्रल ENSO अब तेजी से अल नीनो की तरफ बढ़ रहा है। जून तक इसके सक्रिय होने की संभावना 82 प्रतिशत और जुलाई-अगस्त तक 90 प्रतिशत से अधिक हो सकती है। आमतौर पर अल नीनो के कारण भारत में मानसून कमजोर पड़ जाता है।
वैश्विक स्तर पर भी समुद्री तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी 2026 से मध्य प्रशांत महासागर का तापमान एक डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बढ़ चुका है। मौसम वैज्ञानिक इसे आने वाले समय के लिए गंभीर संकेत मान रहे हैं।
हालांकि कुछ राहत देने वाली खबर भी सामने आई है। मई महीने में देशभर में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। 27 मई तक संचयी मौसमी वर्षा भी सामान्य से 1 प्रतिशत ऊपर रही।
मानसून ने 16 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में समय से पहले दस्तक दी थी। इसके बाद यह दक्षिण अरब सागर और लक्षद्वीप तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के भीतर मानसून के केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में पहुंचने की पूरी संभावना है।
वहीं मध्य प्रदेश में नौतपा के दौरान गर्मी का प्रकोप जारी है। खजुराहो 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है।
